अवैध मादक पदार्थ हेरोइन के साथ पति-पत्नी गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद

0
0

रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन (चिट्टा) के साथ एक दंपत्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोप‍ितों में हरप्रीत कौर निवासी कबीर नगर, रायपुर, जोधा सिंग निवासी कबीर नगर, रायपुर शामिल है।

दोनों आरोपितों के विरुद्ध थाना कबीर नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। कबीर नगर पुलिस ने आज मंगलवार को खुलासा करते हुए बताया कि 27 द‍िसंबर को सूचना मिली थी कि, एलआईजी02/20 कबीर नगर में एक महिला हेरोइन की बिक्री कर रही है।

पुल‍िस की टीम ने उक्त मकान पर घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोप‍ित महिला हरप्रीत कौर के घर में पलंग के दराज से एक प्लास्टिक जिपर थैली बरामद हुई, जिसमें 16.01 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) भरा हुआ था। जब्‍त मादक पदार्थ हेरोइन की कीमत लगभग 3,45,000 रुपये है।

पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि, नशीला पदार्थ पंजाब से तस्करी कर रायपुर लाया गया था। महिला का पति जोधा सिंग, जो पंजाब से इसे बिक्री के लिए लाया था, उसे भी पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर धर दबोचा।

आरोपितों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन दस्तावेज पेश न कर पाने और कड़ाई से पूछताछ करने पर अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। फिलहाल दोनों आरोपितों के विरुद्ध थाना कबीर नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

>